बाराबंकी। शहर कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने दो निर्माणाधीन मकानों और एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। 20 व पांच दिन पहले हुई वारदातों में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी है।
दरियाबाद क्षेत्र के गोपालपुर गांव निवासी राहुल कुमार शहर के मोहल्ला राधेनगर बड़ेल में अपने परिवार के साथ रहते हैं। इनके अनुसार चार अप्रैल को उनके पिता की तबीयत अचानक बिगड़ने पर पूरा परिवार गांव चला गया था। सात अप्रैल को वापस लौटने पर घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।
घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और बक्से का ताला टूटा हुआ था। चोर घर से करीब 80 हजार रुपये नकद, तीन जोड़ी पायल, बच्चों के पायल और एक भरा हुआ गैस सिलिंडर चोरी कर ले गए।
वहीं देवा रोड स्थित आनंद नगर निवासी अभिषेक कुमार सिंह और सुधांशु शेखर सिंह ने संयुक्त रूप से तहरीर देकर बताया कि उनका मकान शहर के पास ग्राम सभा गदिया में एक अस्पताल के सामने निर्माणाधीन है। 12 अप्रैल की रात करीब एक बजे अज्ञात चोरों ने मकान को निशाना बनाया। चोर दीवारों और छत में लगी लाखों रुपये की कॉपर वायरिंग उखाड़ ले गए, साथ ही टाइल्स काटने वाली चार मशीनें भी चोरी कर लीं।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तीन अज्ञात युवक चोरी करते हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के अनुसार, सभी आरोपी ऑटो से मौके पर पहुंचे थे और चोरी का सामान बोरियों में भरकर करीब 3:29 बजे वहां से फरार हो गए। शहर कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा होगा।