कोटवाधाम (बाराबंकी)। छत के रास्ते घर में घुसे चोर बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे लाखों के आभूषण, मेंथा ऑयल व हजारों की नकदी चोरी कर ले गए। सुबह गांव के बाहर बिखरे पड़े सामान की पहचान के बाद घर में देखा तो परिवारीजन अवाक रह गए। इसकी सूचना पर डायल-112 व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद फील्ड यूनिट व डॉग स्क्वायड की टीम ने पहुंचकर जांच की।
घटना बदोसराय कोतवाली क्षेत्र के अद्रा गांव की है। मंगलवार को यहां के निवासी अजीत वर्मा घर के अगले हिस्से में अपने परिवार के साथ सोया हुआ था। इसका फायदा उठाते हुए छत के रास्ते घर में घुसे चोर बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर के साथ कमरे में रखा 10 लीटर मेंथा ऑयल व 19 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए।
इसकी भनक तक परिवारीजनों को नहीं लगी। बुधवार सुबह अजीत के पिता रामपाल खेत की ओर जा रहे थे तो बिखरा पड़ा सामान व बक्सा देखकर पहचान लिया। वापस घर लौट कर कमरे में देखा तो सारा कीमती सामान गायब था। इस पर चोरी की घटना से घर में चीख-पुकार मचने लगी। इसकी सूचना पर पीआरबी व बदोसरायं पुलिस मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी की।
उसके बाद फील्ड यूनिट व डॉग स्क्वायड को बुलाकर जांच की गई। मगर, कोई ठोस सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा। प्रभारी कोतवाल सुभाष यादव ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। उसके बाद फील्ड यूनिट व डॉग स्क्वायड को बुलाकर फिंगर प्रिंट लिए गए। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
दुकान में सेंध लगाकर चोरी
हैदरगढ़। हाईवे किनारे स्थित मोटर पार्ट्स की दुकान से सेंध लगाकर चोर डेढ लाख रुपये कीमत का सामान व करीब 20 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। सुबह जानकारी होने के बाद दुकानदार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की। घटना हैदरगढ़ कस्बे के लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे की है।
यहां पर पोस्टऑफिस के सामने रायबरेली के शिवगढ़ निवासी अरविंद कुमार की मोटर पार्ट्स, मोबिऑयल की दुकान है। मंगलवार रात दुकान के पीछे की दीवार में सेध काटकर चोर अंदर पहुंचे। उसके बाद दुकान में रखी करीब 20 हजार रुपये की नकदी व करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत के मोबिऑयल व मोटर पार्ट्स चोरी कर ले गए। सुबह जानकारी होने पर अरविंद ने मामले की शिकायत पुलिस से की। इसके बाद पहुंची कस्बा चौकी पुलिस ने मामले की जांच की। कोतवाल बीके वर्मा ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)