बाराबंकी। रामसनेहीघाट क्षेत्र में सक्रिय चोर दो मकानों से नकदी के साथ कई लाख रुपये कीमत के जेवरात समेट ले गए। गांव चौरी अलादासपुर निवासी लालबख्श सिंह के घर में गुरुवार रात दरवाजा तोड़कर दाखिल हुए चोर कमरों से नकदी और जेवरात उठा ले गए। परिवारीजन रात में घर के अंदर ही सोए थे। सुबह नींद खुलने पर घरवालों का बिखरा सामान व दरवाजा टूटा मिला। लालबख्श ने बताया कि घर से 40 हजार रुपये समेत पांच लाख के जेवरात चोरी हुए हैं।
दूसरी घटना गांव के सुनील के घर में हुई। मुख्य दरवाजे को तोड़कर सुनील के घर में चोर दाखिल हुए। सुनील ने बताया कि नकदी समेत करीब दो लाख के जेवरात चोरी हुए हैं। पीड़ितों ने मामले की तहरीर पुलिस को दी थी। ग्रामीणों ने आसपास तलाश की तो सौ मीटर की दूरी पर खेत में चोरी गया बक्सा पड़ा मिला। कोतवाली प्रभारी आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।