शहर के पटेल तिराहा पर तैनात पुलिस।
- फोटो : BARABANKI
बाराबंकी। अयोध्या के विवादित परिसर के संबंध में आने वाले फैसले को लेकर पुलिस-प्रशासन की तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह ने दिसंबर माह तक निषेद्याज्ञा (धारा-144) लागू कर दी है। इसके साथ पुलित गश्त, भ्रमण, संदिग्धों की जांच आदि की कार्रवाई तेज हो गई है। बैरियरों पर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की जा रही है। खुफिया विभाग की नजर बनाए है। अस्थायी जेल बनाई जा रही हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि आदेश का उल्लघंन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिले में गुरुवार से धारा 144 लागू कर दी गई है। यह 31 दिसंबर तक प्रभावी रहेगी। यह अयोध्या के विवाद के संबंध में आने वाले फैसले के साथ पर्व व अन्य आयोजनों को लेकर प्रशासन ने किया है। जिले में एसडीएम और सीओ अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को जागरुक कर रहे हैं। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की जा रही है। पुलिस धार्मिक स्थलों की निगरानी कर रही है।
एडीएम संदीप गुप्ता के मुताबिक जिला स्तर पर शांति समिति की बैठक कर निर्देश जारी किए गए हैं। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा भीड़ पर नियंत्रण के लिए अस्थायी जेलें भी बनाई जा रही हैं। निर्धारित स्थानों पर बैरियर बनाकर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की जा रही है।