शहर कोतवाली क्षेत्र के अभय नगर मोहल्ला निवासी एक युवक ने मंगलवार देर रात घर मेें ही फांसी लगाकर जान दे दी। बुधवार सुबह मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के अभयनगर मोहल्ला निवासी संजय (25) पुत्र बृजमोहन ने पंखे में फांसी का फंदा बना उसमें लटक जान दे दी। बुधवार सुबह जब संजय की बहन रीतू सोकर उठी तो उसने देखा कि वह फांसी के फंदे पर लटक रहा है।
उसके बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को बुलवाकर मृतक के शव को फंदे से नीचे उतरवाया। मृतक अपने घर का अकेला कमाने वाला था व उसके तीन बहने हैं, जिनके सामने अब रोजी रोटी का संकट पैदा हो गया है।
मृतक के फुफेरे भाई संतोष ने बताया कि संजय एक जूस की दुकान पर काम करके घर खर्च चलाता था। युवक ने फांसी लगाकर जान किस कारण से दी है, इस बारे में कोई कुछ पता नहीं चला है। कोतवाल अनिरुद्ध कुमार सिंह का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।