महादेवा (बाराबंकी)। रामनगर थाना क्षेत्र के भैरमपुर गांव में ग्रामीणों ने मोबाइल चोरी के आरोप में एक युवक को पेड़ से बांधकर लटका दिया और उसकी जमकर पिटाई की। इस दौरान युवक पानी के लिए तड़पता रहा, लेकिन उसे प्यासा रखा गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने छानबीन शुरू की है।
भैरमपुर गांव में सोमवार की रात कुछ लोगों ने एक युवक को मोबाइल चोरी के आरोप में पकड़ा था। लोगों ने उसके दोनों हाथ बांध कर एक पेड़ की डाल से लटका दिया। युवक के हाथ ऊपर बंधे रहे। इसके बाद उसे बेरहमी से पीटा गया। इस दौरान युवक पानी मांगता रहा। कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। एसएचओ रामनगर सुरेश पांडेय का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर पिटाई करने वालों की पहचान कराई जा रही है। युवक सूरतगंज का निवासी है। वह चोरी के आरोप में दो बार जेल जा चुका है।