लखनऊ से बहराइच जा रही रोडवेज की एक बस को घाघरा नदी के पुल पर रोकवाकर एक युवक ने नदी में छलांग लगा दी। नदी में कूदे लखनऊ निवासी युवक का पता नहीं लग सका है। गोताखोरों ने नदी में युवक को तलाशने का प्रयास किया लेकिन अभी तक उसका पता नहीं लग सका है।
थाना रामनगर क्षेत्र में घाघराघाट के पास घाघरा नदी के पुल पर शनिवार देर रात एक रोडवेज की बस अचानक रुकी। इस दौरान बस से उतरे लखनऊ जिले के डालीगंज थाना हसनगंज निवासी अजय (35) पुत्र राजाराम ने अचानक नदी में छलांग लगा दी। अजय के साथ रहे अर्जुन (12) पुत्र बचउराम ने इस बारे में परिवारीजनों को सूचना दी।
बस से उतरकर यात्री के नदी में कूदने से अन्य यात्रियों में हड़कंप मच गया। बस चालक व परिचालक ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। रात में अंधेरा होने के चलते पुलिस युवक को नदी में तलाश नहीं करवा सकी। जिसके बाद रविवार व सोमवार को गोताखोरों ने युवक को नदी में तलाशने का प्रयास किया लेकिन उसका पता नहीं लग सका है।
सीओ दुर्गेश सिंह का कहना है कि नदी में कूदे युवक का पता नहीं लग सका है। सीओ ने कहा कि बताया जा रहा है कि युवक पारिवारिक विवाद से परेशान था इसी के चलते नदी में छलांग लगाई है। पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।