बड्डूपुर (बाराबंकी)। बड्डूपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में युवक ने घर में घुस कर एक युवती और खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। इस घटना में युवती गंभीर रूप झुलस गई। उसे लखनऊ के सिविल अस्पताल भेजा गया है जबकि युवक जिला अस्पताल में भर्ती है। बताया जा रहा है कि युवक ने पहले जहर खिलाने की कोशिश भी की थी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के अनुसार बड्डूपुर एक गांव में करीब 25 साल का युवक गांव की एक युवती से एकतरफा प्यार करता है। युवती लखनऊ में एक कॉलेज में जीएनएम की छात्रा है और घर से आती जाती है। युवक का युवती से कुछ दिन पहले झगड़ा हुआ था। बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे युवती के परिजन खेत में थे। घर में युवती के साथ उसकी छह साल की बहन मौजूद थी। इसी दौरान युवक प्लास्टिक की बोतल में पेट्रोल लेकर युवती के घर आ धमका।
युवक ने दुस्साहस का परिचय देते हुए किचन में खाना बना रही युवती और खुद पर पेट्रोल डाला और आग लगा ली। दोनों जलने लगे तो युवक तड़पता हुआ अपने घर की ओर भागा और आग बुझाने में जुट गया। लड़की की छोटी बहन बदहवास हालत में दौड़कर खेत में काम कर रहे माता-पिता के पास गई। आग तो बुझा ली गई मगर युवती गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। घटना के बाद युवती की छह साल की बहन ने बताया कि युवक ने घर आकर उसकी बहन को जहर खिलाने की कोशिश भी की थी। हालांकि जहर की बरामदगी नहीं हुई है। थानाध्यक्ष बड्डूपुर संतोष सिंह ने बताया कि युवक सऊदी अरब जाने वाला था। युवती के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
दोनों परिवार में चल रही थी अनबन
युवती के पिता ने बताया कि युवक की हरकतों के कारण उसके परिवार से अनबन चल रही थी। बोलचाल बंद थी। बताया कि उसके चार बेटियों में झुलसी हुई युवती दूूूसरे नंबर पर थी। बड़ी बेटी लखनऊ के एक हाॅस्टल में रहकर नर्सिंग का कोर्स कर रही है। दूसरी बेटी ने भी इसी साल नर्सिंग की पढ़ाई के लिए दाखिला लिया था। जबकि युवक चार भाइयों मे बड़ा है। वह गांव में ही खेती करने के अलावा घूमता-फिरता रहता था। .....................