कोटवाधाम। नेपाल द्वारा सरयू नदी में एक लाख क्यूसेक पानी छोड़ने और लगातार बारिश होने के कारण नदी का पानी बढ़ने लगा था। नदी का जलस्तर बढ़ता देख तराई के लोगों में जहां हड़कंप मच गया था वहीं बाढ़ से बचाव को लेकर चल रहे कार्य भी प्रभावित हो गए थे।
इससे जलशक्ति द्वारा कार्यों को पूरा करने के लिए दी गई 30 मई की अवधि तक कार्य पूरा हो पाएगा, इस पर संशय बना हुआ था लेकिन रविवार को नदी का जलस्तर घटने के साथ ही कराए जा रहे कार्यों में एकबार फिर तेजी आई है। वहीं शासन स्तर से चल रही परियोजनाओं का कार्य पूरा करने का समय दो जून तक बढ़ा दिया गया है।
समय बढ़ाए जाने से कार्य की देखरेख में लगे अधिकारियों ने राहत की सांस भले ही ली हो लेकिन निर्धारित की गई तिथि तक कार्य पूरा हो पाएगा इस पर अब भी संशय बना हुआ है। इस संबंध में अवर अभियंता घनश्याम बाजपेयी ने बताया कि नदी का जलस्तर घटने के साथ कार्य और तेज कर दिए गए हैं। जिन परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है उन्हें अब दो जून तक पूरा करना है। प्रयास होगा कि शासन ने जो समय बढ़ाया है उस अवधि तक कार्य पूरा कर लिया जाए। (संवाद)