फतेहपुर। स्थानीय कस्बे की एक किशोरी को उसी के मोहल्ले में रहने वाला युवक द्वारा बहला-फुसलाकर साथ ले गया। किशोरी के पिता ने आरोप लगाया है कि युवक ने उनकी पुत्री की अश्लील तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी हैं। पिता की शिकायत के आधार पर फतेहपुर कोतवाली में युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इससे पहले युवक की हरकतों से तंग आकर उसके परिजन ने उससे संबंध समाप्त कर लिए थे।
कोतवाली में दर्ज कराई गई तहरीर के अनुसार, 16 वर्षीय किशोरी नगर के एक कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा है। युवक किशोरी से रास्ते में छेड़छाड़ करता था। आरोप है कि युवक ने किशोरी को कहीं ले जाकर उसकी अश्लील तस्वीरें खींचीं और बाद में उन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। जब इसका विरोध किया गया तो आरोपी ने झगड़ा और बवाल करने की कोशिश की। उसने किशोरी को धमकी दी कि उसकी शादी कहीं और नहीं होने देगा। पिता का कहना है कि उन्होंने 16 जनवरी को पुलिस को एक प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन युवक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद, 28 जनवरी को आरोपी किशोरी को साथ लेकर चला गया। सीओ से फरियाद के बाद उनके निर्देश पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज हो सका।
युवक को किया था बेदखल-
दूसरी ओर युवक की गलत गतिविधियों से परेशान उसके परिजन ने कई माह पूर्व उसे परिवार से बेदखल कर दिया था। पुलिस आरोपी युवक और किशोरी की तलाश कर रही है।