बाराबंकी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अयोध्या दौरे को देखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। हाई अलर्ट घोषित करते हुए सोमवार देर शाम एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने पुलिस अधिकारियों और फोर्स के साथ बाराबंकी रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टेशन, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले बाजारों का निरीक्षण किया।
उन्होंने ट्रेनों में सघन चेकिंग कराई गई। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए तीन-चार यात्रियों से गहन पूछताछ भी की गई। संतोषजनक उत्तर और पहचान सत्यापित होने के बाद ही उन्हें आगे जाने दिया गया। जिले में सुरक्षाबलों की अतिरिक्त तैनाती कर गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अयोध्या में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए किसी भी तरह की चूक की गुंजाइश नहीं छोड़ी जा रही है।
संवाद
.......................
जिले में दो बड़े गिरोह चिह्नित
बाराबंकी। सक्रिय आपराधिक गिरोहों की निगरानी और नियंत्रण के लिए बाराबंकी पुलिस ने दो अलग-अलग गैंगों को सूचीबद्ध करते हुए इन्हें डी-गैंग और आईआर-गैंग श्रेणी में पंजीकृत किया है। थाना फतेहपुर क्षेत्र में गुंडा टैक्स वसूलने और छल-कपट से धन उगाही जैसे गंभीर अपराध में शामिल असलम व आलम निवासी सिहाली को जोन स्तर पर आईआर गैंग घोषित किया गया। वहीं बाराबंकी के अलावा लखनऊ क्षेत्र में भी मोबाइल टाॅवर से चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देने वाले संदीप कुमार निवासी महोलिया, थाना घुंघटेर व उनके साथी अमित, राजेंद्र प्रसाद उर्फ गुड्डू, सुभाष कुमार, नन्दलाल, राशिद मलिक का डी गैंग चिह्नित किया है।
संवाद
-