कोटवाधाम(बाराबंकी)। दरियाबाद ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय खजुरी द्वितीय का भवन एकदम जर्जर हालत में है। बरसात में इसकी छत टपक रही है। छज्जा भी लटका हुआ है जो कभी भी गिर सकता है। इसके बावजूद भी बच्चे इस जर्जर भवन में जान हथेली पर रखकर पढ़ाई करने को विवश हैं।
इस विद्यालय में 42 बच्चे पंजीकृत है। औसतन 30 बच्चे रोज आते हैं। बारिश होने पर विद्यालय की छत टपकती है तो बच्चों की अक्सर छुट्टी करना पड़ती है अथवा अतिरिक्त भवन में सभी बच्चे एक साथ बैठ कर पढ़ाया जाता है। भवन के पीछे का लिंटर लटका हुआ काफी डरावना लगता है। बीईओ मनीराम वर्मा ने बताया कि विद्यालय के जर्जर भवन में बच्चों को बैठाने से मना किया गया है। अतिरिक्त कक्ष में ही बच्चे बैठाए जाते हैं। जर्जर भवन के ध्वस्तीकरण व नवीन भवन निर्माण के लिए विभाग को रिपोर्ट भेज दी गई है। (संवाद)