- शाही सवारी पालकी पर पुष्पवर्षा, महक उठा वातावरण
फोटो- 30, 31, 32
संवाद न्यूज एजेंसी
बाराबंकी। पीले रंग के परिधानों संग नीले रंग की पगड़ी पहने खुली कृपाण लेकर चलते पंचप्यारे, रास्ते में झाड़ू लगाती महिलाएं, पुष्प की पंखुड़ियां बरसाती युवितयां, विभिन्न करतबों के बीच निकलती शाही सवारी पालकी.. ऐसा नजारा शहर में शनिवार को निकली शोभायात्रा में दिखाई दिया। जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल... सब गोबिंद है सब गोविंद, गोबिंद बिन नहीं कोय.. के स्वर गूंजते रहे। पंजाब से आए गतका पार्टी के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक करतब दिखाए।
सिखों के दसवें गुरु सरवंशदानी श्रीगुुरु गोबिंद सिंह के प्रकाशोत्सव से पूर्व शनिवार को धूमधाम से शोभायात्रा निकाली गई। सिख समुदाय में उत्साह चरम पर रहा। गुरु ग्रंथ साहिब की शाही सवारी पालकी पर पुष्पवर्षा हुई तो वातावरण महक उठा। शाही सवारी व पंज प्यारों के आगे पानी का छिड़काव और महिलाएं झाड़ू लगा रही थीं, साथ ही युवतियां फूलों की पंखुड़ियां बिखेरते हुए चल रही थीं। रास्ते में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने स्टॉल लगाकर प्रसाद वितरित किया। राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने पंजप्यारों को अंगवस्त्र भेंट किया। विधायक सुरेश यादव, पूर्व एमएलसी राजेश यादव, नगरपालिका अध्यक्ष शीला सिंह ने शोभायात्रा का स्वागत किया। शाही सवारी गुरुद्वारा परिसर से शुरू होकर छाया चौराहा, राजकमल, धनोखर होते हुए पुन: गुरुद्वारा पहुंची। यहां पर लंगर का प्रसाद बांटा गया और आतिशबाजी हुई। इस मौके पर राकेश वर्मा, प्रधान सरदार भूपेंद्र सिंह, चरनजीत सिंह, प्रेमपाल सिंह, हरपाल सिंह, जसबीर सिंह, सुमित्रा कौर, रंजीत कौर, नरेंद्र कौर, सुरजीत कौर, इंदरजीत कौर, कवलजीत कौर मौजूद रहे।
हलदा पाइप बैंड की धुन व कला ने मोहा मन
पंजाब से आए वीर खालसा ग्रुप नकी टीम ने हलदा पाइप बैंड की धुन व कला प्रदर्शित कर सभी का मन जीत लिया। पार्टी ने रंग-बिरंगी चुनरी को गोलाई में घुमा कर धुन निकाली तो लोग मंत्रमुग्ध हो गए। दिल्ली से आर्केस्ट्रा पार्टी, अमृतसर दरबार साहिब से आए परमजीत सिंह नरसिंगा वादक आकर्षण का केंद्र रहे। लखनऊ से आई संगत ने रास्ते भर गुरु भजन प्रस्तुत किया।
हैरतअंगेज करतब देख लोग दंग
छाया चौराहे पर पंजाब के खालसा दल गतका पार्टी के सदस्यों ने अद्भुत करतब दिखाए। करतब देखने के लिए भीड़ जुटी रही। तलवार बाजी कर गजब के करतब दिखाए। कील लगी तख्ती पर लेटकर सीने और सिर पर बर्फ तोड़ने का करतब देख लोग दंग रह गए। आग के गोले में जंजीर घुमाने व तलवारबाजी जैसे हैरतअंगेज कारनामे देख सभी लोग आश्यर्चचकित रह गए।