बाराबंकी। जलभराव की समस्या से जूझ रहे नगर पालिका नवाबगंज के वार्ड मकदूमपुर में तालाब का जीर्णोद्धार कर नाला निर्माण कराया जाएगा। तालाब में आने वाले पानी को साफ कर नाले के माध्यम से सीधे जमुरिया नाला तक पहुंचाया जाएगा। शासन स्तर से इसके लिए अमृत योजना के तहत 1.63 करोड़ रुपये खर्च किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इससे बीस हजार आबादी क्षेत्र को बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की परेशानी से छुटकारा मिल सकेगा।
नगर पालिका की ओर से तालाब का निर्माण शुरू करा दिया गया है। जल्द ही यहां तालाब का काम पूरा कराने के साथ नाले के निर्माण कार्य पूरा कराया जाएगा। मकदूमपुर वार्ड के गंगा विहार कॉलोनी व आसपास के मुहल्लों में जलनिकासी के लिए कोई इंतजाम नहीं हैं। सारा पानी गंगा विहार कॉलोनी स्थित तालाब में जाता था। इससे बरसात के दौरान क्षेत्रीय लोगों को जलभराव की परेशानी से जूझना पड़ता था। जलभराव के कारण क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात भी बन जाते थे।
इस समस्या से छुटकारे के लिए 1.63 करोड़ रुपये खर्च कर तालाब का जीर्णोद्धार कराने के साथ जलनिकासी के इंतजाम भी कराए जाएंगे। इसके लिए तालाब की खुदाई कर बोल्डर पत्थर से पिचिंग होगी। पाथवे एवं गार्ड रूम बनाने के साथ ही फेंसिंग से बाउंड्रीवाल भी बनाई जाएगी। साथ ही गंदे पानी को साफ करने के लिए तीन डिसेल्टिंग चैंबर बनाए जाएंगे। तालाब में पानी ओवर फ्लो होने पर नाले से होते हुए गांव के बाहर कान्हा गोशाला के पास से जमुरिया नाले में गिराया जाएगा। इसके लिए कार्ययोजना में करीब 340 मीटर नाला बनाने का प्रस्ताव भी स्वीकृत हुआ है।
मकदूमपुर में जलनिकासी की समस्या के निजात के लिए तालाब एवं नाले का निर्माण शुरू कराया गया है, इससे आस पास के कई मुहल्लों के लोग लाभांवित होंगे।
- संजय कुमार शुक्ला, ईओ