बाराबंकी। शहर में बुधवार शाम आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब धनोखर चौराहे से प्रेमानंद महाराज की पालकी शोभायात्रा निकाली गई। जैसे ही पालकी यात्रा ने आगे बढ़ना शुरू किया, पूरा वातावरण राधे-राधे के जयघोष से गूंज उठा। भजनों पर श्रद्धालुओं ने जमकर नृत्य किया।
पालकी में चित्र के रूप में विराजित विराजमान प्रेमानंद महाराज के दर्शन पाने के लिए रास्ते भर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाएं, पुरुष, बच्चे हर कोई भक्तिभाव में सराबोर दिखा। कई श्रद्धालु नंगे पांव चलकर अपनी आस्था व्यक्त कर रहे थे, तो कुछ झांझ-मंजीरों की धुन पर थिरकते हुए आगे बढ़ते दिखे। धनोखर चौराहे से जैसे- जैसे पालकी यात्रा आगे बढ़ती रही, श्रद्धालु फूल बरसाकर अभिनंदन करते दिखाई दिए। पूरे रास्ते पुष्पवर्षा और जयकारों की गूंज ने माहौल को और भी दिव्य बना दिया। आसमान में छाए बादलों और चल रही ठंडी हवाओं ने इस आध्यात्मिक यात्रा को और भी मनोहारी बना दिया। मौसम की इस सुहावनी छटा के बीच श्रद्धालुओं की भक्ति और उत्साह देखते ही बन रहा था। पालकी शोभायात्रा नागेश्वरनाथ मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने विधिवत आरती उतारी और पूजन-अर्चन किया। कन्या भोज और भंडारे का भी आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।