हैदरगढ़ (बाराबंकी)। खेलने के दौरान करीब ढाई साल का मासूम छत से नीचे आ गिरा। गंभीर हालत में परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया। मगर केजीएमयू पहुंचने से पहले बच्चे की मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत के बाद परिजन सदमे में हैं।
हैदरगढ़ के दशहराबाग मोहल्ला निवासी रामप्रकाश का इकलौता पुत्र ऋषभ शुक्रवार की शाम दो मंजिला मकान की छत पर खेल रहा था। इसी दौरान पता नहीं कैसे वह नीचे आ गिरा। उसे नीचे गिरा देख पड़ोसियों ने जब परिजनों को बताया तो बदहवास परिजन उसे गंभीर हालत में लेकर सीएचसी हैदगरढ़ पहुंचे। यहां प्राथमिक इलाज के बाद बच्चे को केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही मासूम ने दम तोड़ दिया। राजगीर का काम करने वाले रामप्रकाश की दो बेटियों के बाद ऋषभ इकलौता पुत्र था। बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे की मौत की खबर सुनने के बाद मां बेहोश हो गई।