बाराबंकी। शहर कोतवाली क्षेत्र के बदनपुरवा गांव के पास कुछ नकाबपोश लोगों ने देर रात साथियों के साथ मेला देखकर लौट रहे एक युवक को रोक लिया। इसके बाद साथ मौजूद लोगों को डरा धमका कर मौके से भगाने के बाद रोके गए युवक की नृशंस हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया। परिजनों ने खोजबीन के दौरान शनिवार सुबह नसीर का शव कुएं में पड़ा देखा। मृतक के सिर में गंभीर चोट के साथ ही शरीर पर गोली के भी निशान थे। मृतक ने 10 साल पहले गैर धर्म की एक युवती से प्रेम विवाह किया था। युवक के परिजनों ने युवती के पिता समेत तीन अन्य को हत्या का आरोपी बताते हुए पुलिस में तहरीर दी है। इसके आधार पर ही पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र में लख
नऊ रोड पर स्थित आलापुर बाजार निवासी नसीर उर्फ राजू (35) कास्मेटिक की दुकान चलाता है। शुक्रवार रात करीब नौ बजे नसीर आलापुर निवासी अपने साथी इम्तियाज व शफीकू के साथ करीब पांच किमी दूर कटरा गांव में मजार पर लगने वाला मेला देखने के लिए गया था। रात करीब 11 बजे तीनों एक ही बाइक से लौट रहे थे।
इम्तियाज व शफीकू के अनुसार रास्ते में बदनपुरवा गांव के पास एक बाइक पर तीन नकाबपोशों ने जबरन उनकी बाइक को रोका और फिर नसीर को रोक कर हम दोनों को धमकाकर भगा दिया। आलापुर पहुंचकर दोनों ने नसीर के घर वालों को इसकी जानकारी दी। परिजनों ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को देते हुए अपने पुत्र के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई।
देर रात पुलिस व परिवार के लोग युवक को ढूंढने के लिए उस जगह पर पहुंचे जहां उसे बाइक से रोका गया था। छानबीन के बाद कुछ ही दूर पर सड़क किनारे नसीर की बाइक और इससे कुछ दूरी पर उसकी पहनी टी शर्ट पड़ी मिली। रात में इसके अलावा कोई सुराग नहीं लगा।
सुबह छह बजे ही परिजन पुन: आलापुर से बदनपुरवा जाने वाले मार्ग पर पहुंचे। जहां उन्हें रास्ते में खून के निशान दिखाई पड़े। खून के निशान दूर तक बने थे। ऐसा लग रहा था कि किसी को घसीटा गया है। आखिरकार कुछ ही देर में एक बाग के किनारे पुरानी कुंआ के अंदर नसीर का शव मिल गया। नसीर के सिर में दो सुराख के साथ ही कई गंभीर चोटें भी थी।
परिवारीजनों ने नसीर को यातना देने के बाद गोली मार कर हत्या करने की आशंका जताई है। मृतक के भाई सईद ने बताया कि उसने 10 साल पहले बिठूरा गांव निवासी हरिप्रसाद की पुत्री से प्रेम विवाह किया था। शहर कोतवाल संजय मौर्य ने बताया कि युवक के भाई सईद की तहरीर पर हरिप्रसाद व दो अन्य अज्ञात पर हत्या की आशंका का केस दर्ज किया गया है। सिर में गोली मारी गई या नुकीली चीज का प्रयोग किया गया यह पोस्टमार्टम के बाद तय होगा। एएसपी दक्षिणी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की।
घर में मचा कोहराम
मृतक नसीर के भाई रईश ने बताया कि वह कुल पांच भाई है। उनका मूल निवास रसौली में है मगर करीब 25 साल पहले वह लोग आलापुर में आकर बस गए थे। नसीर की मौत की खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी व दो बेटियां हलीमा (5) व खुशनुमा (7) को बेसहारा छोड़ गया है। भाई ने बताया कि शादी के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था।