मसौली (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र में एक दुकानदार से नकाबपोश असलहाधारी बदमाशों की ओर से डेढ़ लाख के मोबाइल लूटने की घटना सामने आई है। पुलिस इसे संदिग्ध बताते हुए छानबीन में जुटी है।
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के रोटीगांव निवासी अनिल कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बुधवार की रात करीब पौने आठ बजे वह मसौली में स्थित अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहा था। इसी दौरान बिंदौरा रेलवे स्टेशन के पास शायपुर मोड़ पर तीन लोगों ने उसकी बाइक रुकवा ली। असलहे व चाकू के बल पर बदमाशों ने उसका करीब 20 मोबाइल से भरा बैग लूट लिया। इसके बाद एक बदमाश उसे उसकी बाइक पर बैठाकर आगे ले गए।
अनिल के अनुसार बदमाशों ने उस पर कपड़ा डाला और उसे कुछ सुंघाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद उसके हाथ व पांव बांध कर पुल के नीचे नहर में धकेल दिया। युवक के घर नहीं पहुंचने पर परिजन खोजबीन करते हुए पहुंचे तो युवक की बाइक झाड़ियों में पड़ी मिली। परिजन युवक के साथ रात में थाने पहुंचे। अनिल ने बताया कि मोबाइलों की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है। मसौली एसओ गजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। घटना संदिग्ध लग रही है। जांच की जा रही है।