बाराबंकी। चोर गिरोह के शातिर सदस्य की 30 लाख रुपये की संपत्ति शनिवार को कुर्क कर दी गई। जनवरी में लोनीकटरा थाने में चोर गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज किया गया था। सरगना अमेठी के पूरे रामसिंह गांव निवासी रामकुमार उर्फ रजवल व मोहनगंज के हडरुवा गांव निवासी मैकूलाल समेत सात लोग नामजद किए गए थे। पुलिस ने आरोपियों की अपराध से अर्जित संपत्ति चिह्नित की है। मैकूलाल पर 19 मुकदमे दर्ज हैं। उसने पत्नी अनीता के नाम अमेठी के अलाईपुर में व सास निर्मला देवी के नाम से पाकर गांव में जमीन खरीदी थी। पुलिस ने जमीन चिह्नित करते हुए 29.5 लाख रुपये कीमत आंकी। शनिवार को पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम ने मुनादी करवाने के बाद दोनों जमीनें कुर्क कर दीं। लोनीकटरा के एसएचओ अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि बाकी सदस्यों की संपत्तियां खंगाली जा रहीं हैं।