पंचायत चुनाव में हरियाणा की शराब खपाने का काम तेजी से चल रहा है। आबकारी विभाग की टीम ने सफदरगंज थानाक्षेत्र के लोहारिनपुरवा गांव में छापेमारी कर वहां एक घर में चल रही शराब बनाने की अवैध फैक्ट्री पकड़ी है। यहां से जहां 50 पेटी हरियाणा की शराब बरामद हुई है। वहीं विदेश ब्रांड की शराब के एक लाख से ज्यादा रैपर और बोतल के ढक्कन भी बरामद हुए हैं। मौके से एक आरोपी पकड़ा गया है जबकि दो लोग भाग गए हैं। आबकारी टीम द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
जिला आबकारी अधिकारी विपिन सहाय यादव ने बताया कि सफदरगंज थानाक्षेत्र में लोहारिनकापुरवा गांव में टीम के साथ बृहस्पतिवार की रात छापेमारी की गई है। आबकारी टीम ने यहां पर गांव के रामलखन वर्मा को गिरफ्तार कर उनके घर से 50 पेटी हरियाणा की शराब बरामद की है। साथ ही करीब एक लाख से भी ज्यादा मात्रा में विदेशी ब्रांड की शराब के रैपर व बोतल के ढक्कन भी बरामद किए हैं। मौके से आरोपी के दो पुत्र कमलेश व पप्पू भाग निकले हैं। आबकारी टीम ने यहां पर एक कार व एक बाइक भी बरामद की है।
आबकारी अधिकारी का कहना है कि शराब बरामदी के साथ ही भारी मात्रा में अन्य सामान बरामद हुआ है जिसका गणना की जा रही है। कहा कि इस घर में आरोपी महंगे ब्रांड की शराब खुद ही बोतल में पैक कर सप्लाई करवाते थे। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही है। साथ ही बरामद शराब को पंचायत चुनाव में खपाने की भी तैयारी होने की बात सामने आई है। इस छापेमारी से आसपास के गांवों में भी हड़कंप मचा हुआ है। आबकारी टीम मौके पर जांच पड़ताल में जुटी है।