बाराबंकी। कोठी क्षेत्र के लाला का पुरवा गांव में 10 अप्रैल को महिला राजकुमारी की घर के अंदर गला रेत कर हुई हत्या की घटना का चौकाने वाला राजफाश पुलिस ने किया है। उसकी हत्या पति ने ही की थी। घटना के बाद सातवें दिन बुधवार को पुलिस ने हत्या के आरोप में पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की तफ्शीश के बाद जब वारदात की परतें खुलीं तो रिश्तों की कड़वाहट और शक की आग में झुलसी जिंदगी की दर्दनाक दास्तान सामने आई।
एएसपी उत्तरी विकासचंद्र त्रिपाठी ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस-कांफ्रेंस में पूरे मामले की खुलासा करते हुए बताया कि फोन पर घंटों किसी से बात करना ही उसकी हत्या का कारण बना। कोठी के लाला का पुरवा गांव निवासी सूरजलाल गांव में आबादी से कुछ दूर बने मकान में पत्नी राजकुमारी के साथ रहता था। 10 अप्रैल की सुबह वह मजदूरी करने बाराबंकी निकला था। दोपहर में जब वह घर लौटा तो पत्नी की लाश देख चीखना चिल्लाना शुरू कर दिया। बताया कि काम न मिलने से वह घर वापस लौट कर आ गया था। पहुंचने पर पता चला कि किसी ने गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।
घटना के बाद मृतका की मां ने अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज कराया था। एसपी दिनेश कुमार सिंह ने मामले के खुलासे के लिए स्वाट, सर्विलांस और थाना कोठी की संयुक्त टीम को लगाया था। पुलिस ने जब डिजिटल डेटा की बारीकी से जांच की तो शक की सुई मृतका के पति सूर्यलाल धीमान की ओर घूमी। मैनुअल इंटेलिजेंस से पुलिस को सुराग मिला कि सूरजलाल उस दिन साढ़े 10 बजे ही घर लौट आया था। आखिरकार पूछताछ में सूरजलाल ने पत्नी की हत्या करने की बात कबूल ली।
उसने बताया कि उसकी पत्नी फोन पर घंटों किसी से बात किया करती थी। इसका विरोध करने पर वह झगड़ती थी। उसे पत्नी के चरित्र पर शक था और इसी के चलते उसने गुस्से में आकर चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।