बाराबंकी। दिवाली पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों को तैयार किया गया है। जिला अस्पताल में 10 और प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर दो-दो बेड आरक्षित किए गए हैं। अस्पतालों में सभी प्रकार की दवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसको लेकर सभी सीएचसी अधीक्षकों को निर्देश जारी किए गए हैं।
जिले में जिला अस्पताल सहित 21 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं। दिवाली पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूरी होने का दावा किया गया है। सीएमओ डॉ. रंजन गौतम ने बताया कि अस्पतालों में सभी आवश्यक और जीवनरक्षक दवाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिन डॉक्टरों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, वे ड्यूटी के दौरान अस्पतालों में मौजूद रहेंगे। सभी नोडल अधिकारी व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे, ताकि दिवाली के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
उन्होंने बताया कि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर दो-दो और जिला अस्पताल में 10 बेड आरक्षित किए गए हैं। बर्न से संबंधित दवाओं के साथ अन्य सभी आवश्यक दवाएं भी अस्पतालों में उपलब्ध रहेंगी। नोडल अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा होने पर संबंधित नोडल अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
-
बॉक्स : पटाखे छुड़ाते समय बरतें सावधानी
- घर के अंदर, बालकनी, संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पटाखे न जलाएं।
- बच्चों को हमेशा बड़ों की निगरानी में ही पटाखे छुड़ाने दें।
- पटाखे जलाते समय ढीले, सिंथेटिक और नायलॉन के कपड़े न पहनें। सूती कपड़े पहनना अधिक सुरक्षित है।
- पटाखे जलाने वाले स्थान पर पानी और रेत से भरी बाल्टी जरूर रखें, ताकि आग लगने पर तुरंत काबू पाया जा सके।
- पटाखा जलाने के बाद तुरंत सुरक्षित दूरी पर चले जाएं। जलते हुए पटाखे को झुककर न देखें।
- अनार, बम, रॉकेट और अन्य पटाखों को हाथ में पकड़कर कभी न जलाएं।
- यदि कोई पटाखा नहीं फूटता है तो उसके पास तुरंत न जाएं। कुछ समय बाद उस पर पानी डाल दें।
- पटाखे जलाते समय सुरक्षा चश्मे का इस्तेमाल करें। आंखों में चिंगारी जाने पर उन्हें न रगड़ें। साफ पानी से धोकर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।
- अस्थमा, सांस और हृदय रोग से पीड़ित लोगों, बुजुर्गों और छोटे बच्चों को पटाखों के धुएं से दूर रखें।