कुर्सी के न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक की खाली कुर्सी। संवाद
बाराबंकी। मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेला शासन की प्राथमिकता का कार्यक्रम होने के बाद भी जिम्मेदार इसे गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। अमर उजाला चिकित्सकों द्वारा बरती जा रही इस लापरवाही को समय-समय उजागर करता रहा है। इसके बाद भी चिकित्सकों की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हो रहा है।
जिले के 57 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इनमें 3614 मरीज देखे गए, इस दौरान गंभीर पाए गए 31 मरीजों को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। इस दौरान सवा 11 बजे तक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुर्सी का ताला नहीं खुला था। यहां दवा लेने आए रामू, फैजान व इस्माइल आदि ने बताया कि रविवार को खासकर अस्पताल का ताला नहीं खुलता है जिससे मरीज निजी चिकित्सकों से दवा लेने को मजबूर हैं।
इसी प्रकार दहिला पीएचसी पर साढ़े 12 बजे तक डॉक्टर नहीं पहुंचे थे जबकि बाहर रामकुमार, गायत्री समेत कई मरीज चिकित्सक का इंतजार कर रहे थे। इन लोगों ने बताया कि वे सुबह 10 बजे ही आ गए थे लेकिन डॉक्टर के न आने की वजह से निराश होकर वापस जाना पड़ रहा है।
त्रिलोकपुर पीएचसी पर दवा लेने आए मरीजों कि चिकित्सक द्वारा जांच कराकर दवाएं दी गईं। नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. डीके श्रीवास्तव ने बताया कि जिन अस्पतालों में डॉक्टर नहीं पहुंचे हैं वहां की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।