फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barabanki News: सड़क हादसे में अधिवक्ता की मौत, दो पर हत्या का केस

Mon, 09 Dec 2024 01:57 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बाराबंकी
विज्ञापन
मलौली के निकट घटना स्थल की जांच करते फोरेंसिक टीम के विशेषज्ञ।   -संवाद
विज्ञापन
बाराबंकी। पत्नी व बच्चे को ससुराल में छोड़कर घर लौट रहे अधिवक्ता की बोलेरो सड़क किनारे खड्ड में पलट गई। सिर में गंभीर चोट आने से उनकी मौत हो गई। उनके भाई ने बुआ की पुत्री व एक अन्य रिश्तेदार पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की सघनता से पड़ताल की।
विज्ञापन


पुलिस के अनुसार सफदरगंज थाना क्षेत्र के सराय कायस्थान गांव निवासी अधिवक्ता मनीष कुमार द्विवेदी (45) शनिवार शाम शादी में शामिल होने के लिए पत्नी रेखा व पुत्र अंश के साथ बोलेरो से निकले थे। पत्नी व बच्चे को मसौली थाना क्षेत्र के मलौली गांव स्थित ससुराल में छोड़कर वापस आ रहे थे।

रात करीब नौ बजे परिजनों को सूचना मिली कि मलौली गांव के पास मंदिर के निकट बोलेरो असंतुलित होकर खड्ड में पलट गई। बोलेरो में सवार मनीष की बुआ की बेटी दीक्षा व दीक्षा का रिश्तेदार सौरभ मनीष को जिला अस्पताल ले गए जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया।
विज्ञापन


रविवार सुबह मनीष के भाई रवींद्र प्रसाद द्विवेदी ने मसौली पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि भाई को रास्ते में दीक्षा व सफदरगंज थाना क्षेत्र के रामपुर भवानीपुर गांव निवासी सौरभ मिला। इन दोनों ने उनके भाई की हत्या कर बोलेरो को सड़क किनारे गड्ढे में पलट दिया और फोन करके बताया कि हादसा हो गया। वाहन में ये दोनों भी बैठे थे मगर किसी को चोट नहीं आई।

जिला अस्पताल में डॉक्टर ने भी बताया कि मनीष की मौत 45 मिनट पहले हो गई थी। मसौली के एसएचओ यशकांत सिंह ने बताया कि मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फोरेंसिक टीम ने मौके पर छानबीन की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।


दोनों आरोपी रिश्तेदार, रिवाल्वर की भी चर्चा
सआदतगंज (बाराबंकी)। दीक्षा मनीष की बुआ की पुत्री है। उसके माता-पिता का निधन हो चुका है जबकि दूसरा आरोपी सौरभ दीक्षा का रिश्तेदार बताया जाता है। घटना के बाद ग्रामीणों ने मौके पर एक रिवाल्वर देखे जाने की बात कही। हालांकि मसौली के एसएचओ ने जांच की बात कहते हुए इसकी पुष्टि नहीं की। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें