बाराबंकी। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में जिला हॉकी एसोसिएशन द्वारा आयोजित जनपदीय हॉकी लीग के तीसरे व अंतिम दिन डीएचए और बाबू सोसायटी टीमों के बीच हुआ फाइनल मुकाबला काफी रोमांचक रहा। इस दौरान दोनों ही टीमों ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन किया। लेकिन निर्धारित समय में मुकाबला बराबरी पर छूटा। मैच का फैसला पेनाल्टी स्ट्रोक से भी न हो पाने पर अंत में दोनों टीमों को संयुक्त तौर विजेता घोषित किया गया।
शनिवार को सुबह हुई बारिश से मैदान गीला हो गया। इससे फाइनल मुकाबले की बाट जोह रहे खिलाड़ियों के चेहरे मायूसी दिखने लगी थी। दोपहर में निकली धूप के बाद मैदान सूखने पर दोनों टीमों के बीच खिताबी मुकाबला शुरू हुआ। शुरुआत से ही दोनों ही टीम आक्रामक दिखाई दी।
डीएचए टीम की ओर से सौरभ कश्यप ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए मैदानी गोल करके अपनी टीम को बढ़त दिला दी। बाबू सोसायटी ने अपनी रक्षापंक्ति को मजबूत करते हुए गोल करने की कोशिश की लेकिन इसी बीच डीएचए के खिलाड़ी अनुराग गौतम ने गोल करके मैच में अपनी पकड़ मजबूत कर ली। कुछ ही देर में बाबू सोसायटी के आदिल ने एक गोल करके मैच बराबरी पर ला दिया। मैच का फैसला पेनाल्टी स्ट्रोक से भी नहीं हो सका अंत में दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित कर पुरस्कृत किया गया। फाइनल मैच से पहले बालिकाओं का प्रदर्शनी मैच सना स्पोर्टिंग और शक्ति क्लब के बीच खेला गया। सना स्पोर्टिंग ने यह मुकाबला 2-1 से जीता। इससे पूर्व ज़िला ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव धीरेंद वर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फाइनल मैच शुरू कराया।