बाराबंकी। जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा आयोजित रोजगार मेला बेरोजगार युवाओं के लिए खास रहा। पंजीकरण के बाद साक्षात्कार के माध्यम से 33 युवाओं का रोजगार के लिए चयन हुआ। दोपहर बाद जैसे ही चयनित अभ्यर्थियों के हाथों में ऑफर लेटर आया उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।
शनिवार को आयोजित रोजगार मेला में युवाओं का जोश देखने लायक रहा। एक ओर यूपी दिवस का कार्यक्रम चल रहा था दूसरी ओर युवा नौकरी पाने के प्रयास में जुटे थे। पुखराज हेल्थ केयर कंपनी के अधिकारियों ने लिखित व साक्षात्कार के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया। रोजगार मेला में 57 युवाओं ने प्रतिभाग किया जिसमें 33 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए।
ऑफर लेटर मिलने के बाद कोई मोबाइल निकालकर घर पर फोन कर अपनी खुशी बांटता तो कोई गले लगकर एक दूसरे को बधाई देते नजर आए। सेवायोजन अधिकारी धर्मेंद्र मौर्य ने बताया कि रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य जिले के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराना है। इससे युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है।