रामसनेहीघाट क्षेत्र के मालिनपुर में एक शैक्षिक संस्थान में आयोजित खेल कूद प्रतियोगिता के विजेत
बाराबंकी। जेबीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस मालिनपुर परिसर में जगन्नाथ बक्स सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता एवं वार्षिक समारोह बृहस्पतिवार को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। खेल प्रतियोगिताओं में छात्रों ने उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का शानदार परिचय दिया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन खो-खो, कबड्डी, रस्साकशी, वॉलीबॉल, ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक व चक्का फेंक के फाइनल मुकाबले हुए। बालक एवं बालिका वर्ग में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र, पदक एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने नृत्य, गीत व नाट्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान तालियों की गूंज सुनाई देती रही। समारोह के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना भी सिखाते हैं। विशिष्ट अतिथि कुर्सी विधायक साकेंद्र वर्मा एवं जिला प्रभारी एमएलसी लखनऊ खंड स्नातक अवनीश सिंह पटेल, ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर वर्मा ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर एमएलसी अंगद कुमार सिंह, प्रबंधक पूनम सिंह, मैनेजिंग डायरेक्टर आकाश सिंह, ग्रुप डायरेक्टर आकांक्षा सिंह, रवि रावत, आरती रावत, शेखर हयारन,मनोज कुमार चौधरी, नीरजा सिंह आदि मौजूद रहे।