बाराबंकी। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत अनफिट और नियमों की अनदेखी कर चल रहे स्कूल वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। शनिवार सुबह शहर और ग्रामीण इलाकों को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर अचानक की गई चेकिंग से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
विशेष चेकिंग अभियान का नेतृत्व कर रहीं एआरटीओ प्रशासन अंकिता शुक्ला ने बिना फिटनेस प्रमाणपत्र और अनाधिकृत संचालन करते पाए जाने पर दो स्कूल वाहनों को मौके पर ही सीज करा दिया। सुबह स्कूल खुलने के समय बड़ेल, पटेल तिराहा, रामनगर तिराहा, नए बस स्टेशन के पास की गई कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन टीम ने वाहनों की फिटनेस, परमिट, ओवरलोडिंग, चालक के दस्तावेज और सुरक्षा मानकों की गहन जांच की। जांच में सामने आया कि कुछ वाहन संचालक बच्चों की जान जोखिम में डालकर बिना फिटनेस और वैध अनुमति के वाहन चला रहे थे। इसके अलावा मानकों का उल्लंघन करते मिले तीन ओवरलोड वाहनों को थाने में बंद कराया गया, जबकि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 16 वाहनों का चालान किया गया। यह विशेष अभियान 15 से 21 जनवरी तक चलेगा, जिसमें स्कूली वाहनों की सघन जांच की जाएगी। एआरटीओ ने कहा कि बिना फिटनेस प्रमाणपत्र कोई भी स्कूली वाहन बच्चों को लाने-ले जाने के लिए संचालित नहीं किया जाएगा। बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी।