त्रिलोकपुर। क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्रिलोकपुर की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण मरीजों को समुचित उपचार नहीं मिल पा रहा है। इस केंद्र पर प्रतिदिन 50 से 60 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं।
मंगलवार को खांसी, जुकाम और बुखार की दवा लेने पहुंचे अनिल, बाराती लाल और सचिन आदि कई अन्य मरीजों को अस्पताल में डॉक्टर नहीं मिले। डॉक्टर की अनुपस्थिति में मरीजों को बिना जांच कराए ही फार्मेसिस्ट से दवा लेकर लौटना पड़ा। मरीजों का आरोप है कि डॉक्टर अक्सर गायब रहते हैं, जिससे उन्हें निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। सीएचसी रामनगर के अधीक्षक डॉ. प्रणव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि संबंधित चिकित्सक डॉ. प्रतिकर अवकाश पर हो सकते हैं। मामले की जानकारी लेकर जांच की जाएगी।