बाराबंकी। डीएम ईशान प्रताप सिंह ने बुधवार की शाम शहर के निर्माणाधीन व पहले से निर्मित मॉडल तालाब का हाल देखा। महुआरी पुरवा में मॉडल तालाब तीन साल पहले बना था, जिसमें नालियों के पानी को शोधित करने का यंत्र लगा है। शोधित होकर पानी तालाब में जाता है। तालाब में फौव्हारा भी लगा है।
डीएम ने निर्माणाधीन पल्हरी के दो मॉडल तालाब व फैजुल्लागंज क्षेत्र के घासीराम तालाब को भी देखा। उन्होंने बारिश से पहले तालाबों पर इतना काम अवश्य पूरा कराने की अपेक्षा ईओ संजय शुक्ल से की जिससे बारिश से कराए गए काम का नुकसान न हो। डीएम ने ठेकेदार को कार्य में लापरवाही करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी। एडीएम निरंकार सिंह भी मौजूद रहे।
अयोध्या की टीम ने देखा तालाब
डीएम के निरीक्षण के पहले महुआरी पुरवा के मॉडल तालाब को अयोध्या जिले की नगर पालिका रुदौली के ईओ, स्वच्छ भारत मिशन के मंडलीय प्रबंधक वैभव पांडेय ने भी देखा। वैभव पांडेय ने बताया कि अयोध्या की रुदौली व अन्य नगरीय निकायों में इस तरह के मॉडल तालाबों के निर्माण के निर्देश डीएम अयोध्या शशांक त्रिपाठी ने दिए हैं।