बाराबंकी। बैंक ऑफ इंडिया की सूरतगंज शाखा के प्रबंधक पर अभद्रता के गंभीर आरोप लगे हैं। क्षेत्रीय लोगों ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री तक की है। सोशल मीडिया पर घटना का एक वीडियो भी प्रसारित हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वीडियो की पुष्टि नहीं करती। ब्लॉक प्रमुख ने मामले की जांच की मांग की है।
बसंतापुर के उमाकांत गोस्वामी और सूरतगंज के सोनू चौरसिया ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि खाता स्टेटमेंट और लोन किस्त की जानकारी लेने वे बैंक गए थे। शाखा प्रबंधक सुधीर सिंह ने उनसे अभद्रता की। प्रबंधक ने खुद को छुट्टी पर बताकर उन्हें भगा दिया। जबकि वह उस समय शाखा में ही मौजूद थे।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो को बैंक के उच्चाधिकारियों और मुख्यमंत्री को भी ट्वीट किया गया है। ब्लॉक प्रमुख लकी सिंह ने क्षेत्र प्रबंधक व महाप्रबंधक को पत्र लिखा है। उन्होंने शाखा प्रबंधक पर टालमटोल और अभद्रता के आरोप लगाए हैं और निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। हालांकि शाखा प्रबंधक ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।