गरीबी और बदहाली में पर्याप्त साधन न होने के कारण कड़ाके की ठंड में चार मासूम बच्चों की मां की ठंड लगने से मौत हो गई। मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय विधायक साकेंद्र वर्मा व तहसील प्रशासन ने मृतका के पति को आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।
थाना मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के कस्बा बेलहरा के मोहल्ला खाले टोला निवासी पुतन सिंह का कहना है कि पत्नी की रात में अचानक तबीयत खराब होने पर उसे डॉक्टर के यहां ले जा रहा था कि रास्ते में उसकी ठंड लगने से मौत हो गई।
वह लखनऊ के एक होटल पर काम करता है। उसके पास कृषि योग्य भूमि नहीं है। पूर्व में बना राशन कार्ड निरस्त हो गया और इसके बाद कार्ड नहीं दिया गया।
बिट्टू के चार छोटे-छोटे बच्चे हैं। मां की अचानक मौत के बाद इनका रो-रो कर बुरा हाल है।
ठंड से मासूम बच्चों की मां मरने की खबर मिलने पर क्षेत्रीय विधायक साकेन्द्र प्रताप वर्मा व तहसील प्रशासन मृतका के घर पहुंचे। क्षेत्रीय विधायक ने परिवार को 5 कंबल दिए और तहसील प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाए जाने की बात कही। नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि अयाज खां ने अंतिम संस्कार के लिए आर्थिक सहायता दी और नगर पंचायत की तरफ से अनाज दिलाने का आश्वासन दिया।