लोनी कटरा थाना क्षेत्र के छंदरौली गांव के पास रविवार की सुबह एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। ग्रामीणोें ने बताया कि युवक खेत की तरफ गया था तभी रेलवे लाइन पार करते समय वह इस हादसे का शिकार हो गया। थाना लोनीकटरा क्षेत्र के छंदरौली गांव के जीवन(23) पुत्र दयाराम रविवार की सुबह खेत की ओर जा रहा था। यहां गांव के बाहर रेलवे लाइन है।
ग्रामीणों ने बताया कि रेलवे लाइन पार करते समय अचानक जीवन ट्रेन की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के भाई धर्मेद्र ने बताया कि जीवन को कान से सुनाई कम देता था जिसके चलते वह ट्रेन की आवाज नहीं सुन सका और इस हादसे का शिकार हो गया।