बाराबंकी। विकास भवन के निकट बीएसए दफ्तर में बुधवार को सिरौलीगौसपुर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बदोसराय-एक में तैनात प्रधानाध्यापक धर्मराज गौतम की अचानक तबीयत बिगड़ गई। धर्मराज गौतम की पत्नी का आरोप है कि स्कूल में तैनात शिक्षक द्वारा परेशान किया जाता है। इन्हीं आरोपों को लेकर धर्मराज गौतम बीएसए कार्यालय पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बातचीत के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया और इसी बीच उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। हालत नाजुक देख उन्हें ऑटो रिक्शा से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। बीएसए नवीन पाठक का कहना है कि एक दिन पहले ही शिकायत प्राप्त हुई थी, जिस पर बीईओ को जांच के निर्देश दिए गए थे। जांच कराई जा रही है।