संवाद न्यूज एजेंसी
बाराबंकी। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और पछुआ हवाओं से गलन बढ़ गई है। इससे दैनिक दिनचर्या पूरी तरह से बेपटरी होती जा रही है। लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कड़ाके की ठंड से फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं। रात में कोहरे को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। सोमवार को दोपहर बाद धूप जरूरी निकली, लेकिन सर्द हवाओं और गलन से लोगों को राहत नहीं मिल सकी। मौसम विभाग का कहना है कि जिस तरह से मौसम बन रहा है, उससे एक-दो दिन में बूंदाबांदी के साथ बारिश की संभावना है। कोहरा, धुंध और बदली के चलते ठंड और बढ़ सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 18.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हवाएं पांच किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चलीं। मौसम विभाग का कहना है कि जिस तरह से मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है, उससे फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं। उधर, सर्द हवाओं के चलने के कारण गलन और ज्यादा बढ़ गई। दोपहर में धूप निकली, लेकिन इससे गलन कम नहीं हुई। शाम होत-होते कोहरा गिरने लगा और सर्द हवाएं चलने के कारण लोग घर में रहने को मजबूर हो गए। लोग घरों में हीटर और अलाव जलाकर ठंड से बचाव का प्रयास करते नजर आए। सड़कों पर कम आवाजाही रही। उपकृषि निदेशक शोध धीरेंद्र सिंह ने बताया कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और पछुआ हवाओं के कारण गलन बढ़ी है। अगर पाला पड़ा तो फसलों पर विपरीत असर पड़ेगा।