सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। बिना पंजीकरण एक दुकान में संचालित क्लीनिक व मेडिकल स्टोर पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार सिंह ने छापा मारा। मौके पर संचालक द्वारा कोई अभिलेख प्रस्तुत न करने पर नोटिस देकर क्लीनिक को सील कर दिया गया।
मामला बदोसरांय कोतवाली क्षेत्र के हजरतपुर का है। वहां पर एक दुकान में आस्था क्लीनिक व मेडिकल स्टोर का संचालन काफी समय से बिना पंजीकरण के हो रहा था। इसकी सूचना पर बुधवार को सिरौलीगौसपुर सीएचसी अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार सिंह नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी की।
इससे क्लीनिक पर हड़कंप मच गया। दवा लेने आए मरीज व तीमारदार मौके से भाग खड़े हुए। छापेमारी के दौरान संचालक अमरनाथ क्लीनिक व मेडिकल स्टोर के रजिस्ट्रेशन के कागजात नहीं दिखा सके। इस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संचालक अमरनाथ को नोटिस देकर तीन दिन में जवाब मांगा है। दुकान को सील कर दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्यवाई से बदोसरांय व मरकामऊ क्षेत्र मे संचालित मेडिकल स्टोर संचालकों मे हड़कंप रहा। कई मेडिकल स्टोर संचालक दुकान बंद कर भाग निकले।