संवाद न्यूज एजेंसी
बाराबंकी। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने शनिवार को सपा पर तीखा हमला बोला। कहा कि जिस तरह हम कुंभ में स्नान कर आत्मा को शुद्ध करते हैं और योग कर शरीर को स्वस्थ रखते हैं, उसी तरह भारत निर्वाचन आयोग मतदाता सूची का शुद्धिकरण कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि बिहार चुनाव इसका उदाहरण है, जहां 65 लाख फर्जी मतदाता सामने आए थे। अब जब प्रदेश में इसी प्रकार का सघन पुनरीक्षण चल रहा है तो सपा को अपनी हार साफ दिखने लगी है, इसलिए उसने इस अभियान को लेकर दुष्प्रचार शुरू कर दिया है। चेहरे सूख गए हैं।
डिप्टी सीएम पाठक शनिवार को भाजपा कार्यालय पर कार्यकर्ता बैठक के बाद पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश में 14–15 साल के लड़के तक फर्जी वोटर बनाए गए हैं। उन्होंने एक वर्ग विशेष पर इशारों में हमला बोलते हुए कहा कि सफाई चल रही है, इसलिए इस बार स्पष्ट जनादेश आना तय है। उन्होंने कहा एसआईआर मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया है, जिसके जरिए देश में घुसपैठिए के रूप में रह रहे अनधिकृत विदेशियों को बाहर निकालने में मदद मिलेगी। पाठक ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह राम मंदिर में दर्शन करने से बचते हैं, लेकिन अपने यहां होने वाले आयोजन में भगवान गणेश की पूजा और गोबर की गौर भी बनाते हैं। कहा कि बाराबंकी में बंदूक के दम पर प्लांट कब्जा हो जाते थे। प्लांट कब्जाने से लेकर बहन-बेटियों की इज्जत से खिलवाड़ तक होता था।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर मतदाता सूची पुनरीक्षण के महत्व को समझाएं और पात्र लोगों का नाम जुड़वाने में सहयोग करें। इस मौके पर राज्यमंत्री सतीश शर्मा, प्रदेश महामंत्री प्रियंका सिंह रावत, जिला प्रभारी अवनीश सिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत,एमएलसी अंगद सिंह, उपेंद्र रावत, हरगोविंद सिंह,संतोष सिंह,शशांक कुसुमेश,अरविंद मौर्य, अमरीश रावत, डॉ विवेक वर्मा, विजय आनंद बाजपेई आकाश पांडेय, प्रमोद तिवारी आदि मौजूद रहे
सड़कें ऐसी कि कार में ही पी लेता हूं चाय...
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि भारत तेजी से विकसित देशों को पीछे छोड़ते हुए डिजिटल लेनदेन में दुनिया में सबसे आगे निकल रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार से पहले व अबकी स्थिति की तुलना की। कहा कि कभी ये दिन थे कि पूछा जाता था कि बिजली दिन में आती है या रात में। उन्होंने कहा कि सड़कें इतनी खराब थीं कि नई बाइक लाने वाले बेहाल हो जाते थे। कहा कि ''अब कार में बैठकर रोटी खाता हूं, चाय पी लेता हूं।''