शहर के धनोखर चौराहे पर जाम में फंसे राहगीर।
बाराबंकी। शहर में बढ़ते अतिक्रमण से आम लोगों का पैदल चलना तक दुश्वार हो गया है। करात में जो सड़क तीस फुट की दिखती है वह दिन में सिकुड़ कर 15 फुट रह जाती है। सड़क पर बढ़ते अतिक्रमण के बीच बेतरतीब दौड़ रहे ई-रिक्शा, सड़क पर खड़े वाहन, रास्ते में सामान की लोडिंग अनलोडिंग के चलते लोगों को आए दिन घंटों जाम में फंसने की परेशानी उठाना पड़ती है।
मुख्य बाजार: फंस गए तो निकलना मुश्किल
शहर के निबलेट तिराहे से धनोखर व धनोखर से घंटाघर होते हुए सट्टी बाजार तक सैकड़ों दुकानें हैं। दुकान का सामान सड़क तक इस कदर फैला है कि बाजार में घुस गए तो निकलना मुश्किल हो जाता है। ई-रिक्शा, मालवाहन के कारण घंटाघर से निबलेट तक जाम लगा रहता है।
फोटो- 26
सड़क पर हो रहा व्यवसाय
नाका सतरिख से धनोखर चौराहे तक की सड़क के दोनों किनारों पर खुली 60 से अधिक दुकानों का सामान सड़क पर रखा रहता है। इसके साथ ही सड़क किनारे अघोषित तौर पर संचालित अवैध पार्किंग भी जाम की परेशानी को कई गुना बढ़ा देती है। इस कारण आए दिन लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है।
घोसियाना मार्ग: कदम-कदम पर जाम
छाया चौराहे से जैसे ही पुलिस लाइन की तरफ बढ़ेंगे तो घोसियाना मार्ग पर कदम-कदम पर जाम की परेशानी से जूझना पड़ता है। घोसियाना में बिजली कार्यालय, दवा की दुकानें, जांच केंद्रों पर आने वाले लोग जाम में फंसे रहते हैं। फुटपाथ पर चार पहिया व दो पहिया वाहन खड़े कर लोग गायब रहते हैं।
पुलिस प्रशासन के साथ अतिक्रमण हटवाया गया था। चेतावनी दी गई है फिर अभियान चलाया जाएगा और सामान जब्त कर सड़क पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- संजय शुक्ला, ईओ नगरपालिका