सूरतगंज (बाराबंकी)। रामनगर कोतवाली क्षेत्र में फसल की रखवाली करने गए किसान को बिगड़ैल सांड़ ने सींग में फंसाकर कई बार पटक दिया। गंभीर रूप से घायल किसान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
रामनगर क्षेत्र के चैनपुरवा मजरे कजियापुर गांव निवासी प्रद्युम्न (22) बृहस्पतिवार की शाम गेहूं की फसल को मवेशियों से बचाने के लिए लिए घर से निकले थे। खेत जाने वाले रास्ते में खड़े सांड़ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार सांड़ ने युवक को सींगों में फंसाकर कई बार जमीन पर पटका। प्रद्युम्न की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़ पड़े। गंभीर हालत में युवक को रानीगंज स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे लेकर सीएचसी सूरतगंज जा रहे थे, तभी रास्ते में ही मौत हो गई। एसएचओ रामनगर रत्नेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि ऐसी कोई सूचना नहीं मिली है।
सांड़ के हमले में प्रद्युम्न की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। अभी एक साल पहले ही प्रद्युम्न की शादी हुई थी। उसकी पत्नी कल्यानी के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। वहीं, ग्रामीण जानलेवा होते छुट्टा मवेशियों को लेकर चिंतित हैं।