शहर कोतवाली क्षेत्र में दीनदयाल नगर के पास हाईवे पर शनिवार की रात एक ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद चालक ट्रक समेत भाग गया है। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। शहर के बीचों बीच हुए इस हादसे के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ एकत्र होने के चलते काफी देर तक जाम लगा रहा।
कोतवाली नगर क्षेत्र के कृष्णानगर मोहल्ले के रहने वाले सुमित द्विवेदी (26) शनिवार रात अपने घर से बाजार जाने के लिए बाइक से निकला था। वह हाईवे पर पहुंचा ही था तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने दीनदयाल नगर के पास बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।