प्रधानी के चुनाव की रंजिश में दो पक्षों में जमकर लाठियां चलीं और मारपीट हुई जिसमें दोनों पक्षों से 12 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मारपीट के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर में आग लगा दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र टिकैतनगर पहुंचाया। एक की हालत गंभीर होने के चलते जिला अस्पताल लाया गया जहां से उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। गांव में इस घटना के बाद तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मामला थाना टिकैतनगर के ग्राम अरूवा का है। यहां के निवासी चेतराम का आरोप है कि पंचायत चुनाव में वे प्रधान पद के उम्मीदवार राम मूर्ति मिश्रा के साथ थे विपक्षी शेखर लोधी दूसरे प्रत्याशी दयाराम पांडे के साथ थे। दयाराम के चुनाव जीतने के बाद ये लोग विवाद को आतुर थे। शनिवार की सुबह चेतराम की बहन खेत में पुआल रख रही थी। तभी मौके पर अपने साथियों के साथ पहुंचे शेखर, सुशील, आलोक, दुर्गेश ने दर्जनों लोगों के साथ उस पर हमला बोल दिया। जान बचाकर घर में घुसी युवती को दबंगों ने घर में घुस कर मारा पीटा और छप्परनुमा मकान में आग लगा दी तथा जान से मारने की धमकी देते हुए भागने लगे।
इस बीच दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई जिसके चलते एक पक्ष से मैना देवी, जगराना, रामशंकर, घनश्याम, शोभाराम, संगमलाल, चंद्रिका प्रसाद व दूसरे पक्ष से रामअधीन, रामकुमार, उदयराज, विनयराज व सरोज देवी घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया जहां से गंभीर रूप से घायल जगराना को चिकित्सकों ने जिला अस्पताल भेजा पर हालत गंभीर होने के चलते उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। घटना की रिपोर्ट दर्ज करने के लिए दोनों पक्षों के द्वारा पुलिस से शिकायत की गई है। पुलिस ने देर शाम तक मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया है। थानाध्यक्ष टी पी सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों में मारपीट हुई है जांच कर कार्रवाई की जाएगी।