बाराबंकी। प्रदेश के कारागार राज्य मंत्री व जिले केे प्रभारी मंत्री सुरेश राही ने कहा कि नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफॉर्म का सबसे बड़ा लाभ जनता को मिला है। इससे घर बनाने के लिए सीमेंट सस्ती हुई तो सफर के लिए कार की कीमतें भी कम हो गईं। नई व्यवस्था से खाने पीने की सामग्री की कीमते जहां घटेगी वहीं नशे व विलासिता से जुड़ी सामग्री के दामों में कोई भी कमी नहीं होगी।
प्रभारी मंत्री बुधवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सेदारी कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को ध्यान में रखते हुए शैक्षणिक सामग्री पर जीएसटी शून्य कर दिया गया है इसके साथ ही 33 जीवन रक्षक दवाओं पर भी जीएसटी 12 प्रतिशत से घटा कर शून्य कर दिया गया है। उन्होंने जीएसटी रिफॉर्म के फायदे गिनाते हुए कहा कि रोजमर्रा की वस्तुएं जैसे दूध,पनीर,ब्रेड इत्यादि पर भी जीएसटी शून्य कर दी गई है। आवश्यक सामग्रियों पर भी दरें कम की गई हैं।
उन्होंने कहा कि घटे हुए जीएसटी रेट्स से आम उपभोक्ता, व्यापारी और उद्यमी सभी वर्गों को बड़ा लाभ मिल रहा है। जीएसटी में किए गए बदलाव से देश भर में आम लोगों की जेब में करीब दो लाख करोड़ रुपये आएंगे। जिसका सीधा असर रोजमर्रा की खरीदारी और खर्च पर पड़ेगा।