बाराबंकी। छाया चौराहा के निकट जमुरिया नाले के किनारे जलाया जा रहा कूड़ा।
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली में पर्यावरण प्रदूषण को लेकर भले ही सरकार गंभीर रुख अख्तियार कर रही हो। इसको लेकर नया कानून बनाया जा रहा हो, मगर शहर में जमुरिया नाले के किनारे डंप कूड़ा महीने भर से जल रहा है जिससे निकलने वाला जहरीला धुआं शहर के बाशिंदों के साथ पर्यावरण का नुकसान पहुंचा रहा है।
छाया चौराहे से घोसियाना जाने वाले मार्ग के किनारे लगे कूडे़ के डम्प से निकल रहे जहरीले धुएं से बचने को दुकानदार जहां माक्स लगाकर अपना बचाव कर रहे हैं। वहीं इस मार्ग से निकलने वाले लोग कपडे से मुंह ढंक कर निकलने को मजबूर हैं।
आबादी के बीच में उठ रहा जहरीला धुआं हवा के जरिए आसपास के पर्यावरण को भी प्रदूषित करता रहा। प्रदूषित पर्यावरण की समस्या से भले ही शहरवासी परेशान हों, मगर अफसर व जनप्रतिनिधि ऐसे स्थानों से लग्जरी गाड़ियों के शीशे बंद कर फर्राटा भरते निकलते दिखते हैं।
जिसका खामियाजा शहर में रहने वाली आधी से अधिक आबादी भुगत रही है। इस संबंध में नगर पालिका परिषद की अधिशाषी अधिकारी संगीता कुमारी ने डंप किए गए कूडे़ को जलाने का आदेश न होने व उसकी जांच कराकर बुझाने की बात तो की मगर, पर्यावरण को दूषित होने से बचाव के प्रयास नाकाफी दिख रहे हैं।