बाराबंकी। कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर जिले में पिछले दो दिनों के अंदर लेखपाल समेत दस लोगों की मौत हो गई। वहीं एडीएम के चालक की पत्नी की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस तरह से जिले में अब तक 168 लोगों की जान कोरोना से जा चुकी है। हालांकि स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है। जांच का दायरा जहां बढ़ा दिया गया है वहीं संक्रमितों के मिलने की संख्या में भी काफी कमी आई है। दो दिनों के अंदर 234 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से ज्यादातर को होम आइसोलेशन में रखा गया है।
फतेहपुर तहसील में तैनात एक लेखपाल की कोरोना की चपेट में आकर मौत हो गई। हालत गंभीर होने पर परिवारीजनों ने तीन दिन पूर्व हिंद अस्पताल में भर्ती कराया था जहां पर शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। इस प्रकार अपर जिलाधिकारी के चालक की पत्नी की भी कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। परिवारीजनों ने बताया कि चार दिन पूर्व हिंद अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां पर शनिवार सुबह मौत हो गई। वहीं रामसनेहीघाट के सुमेरगंज की रहने वाली एक शिक्षिका की भी कोरोना से हिंद अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
रामनगर के क्षेत्र के चंदनापुर मजरे साधारणपुर निवासी व्यक्ति की मेयो अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके अलावा दरियाबाद निवासी एक युवक और हैदरगढ़ निवासी एक व्यक्ति की लखनऊ के निजी अस्पतालों में इलाज के दौरान मौत हो गई। त्रिवेदीगंज क्षेत्र के मकनपुर निवासी एक व्यक्ति की भी इलाज के दौरान हिंद अस्पताल में मौत हो गई। सिरौलीगौसपुर क्षेत्र के खजुरी गांव निवासी एक अधेड़ की मौत हो गई। वहीं अरियामऊ गांव निवासी दो व्यक्तियों की इलाज के दौरान निजी अस्पतालों में मौत हो गई।
तेजी से ठीक हो रहे कोरोना मरीज
जिला अस्पताल में बने कोविड वार्ड में मौजूद समय में सात मरीज भर्ती हैं। इनमें से कई की हालत काफी गंभीर थी। मरीजों की देखरेख कर रहे डॉ. एसबी सिंह की माने तो पहले की अपेक्षा मरीजों में तेजी से सुधार हो रहा है्। हमारा पहला कर्तव्य मरीज की जान बचाना है इसके लिए हमारी टीम पूरा प्रयास करती है इसी का नतीजा है कि मरीज तेजी से ठीक हो रहे हैं।
कोविड कंट्रोल सेंटर ने जारी किए नंबर
सैनिटाइजेशन के लिए 18001804133, एंबुलेंस द्वारा अधिक शुल्क लेने पर 9454401386, 9918034567, घर पर होम आइसोलेट मरीज टेलीमेडिसिन के लिए 9450773023, 9415066496 और निजी अस्पतालों द्वारा अधिक शुल्क लिए जाने पर वाट्सएप नंबर 7376403267 पर कॉल करें।
दान किया ऑक्सीनज कंसंट्रेटर
मिशन भारतीय सामाजिक संस्था के अध्यक्ष रवि नितेश द्वारा देवा रोड स्थित आस्था कोविड अस्पताल को एक ऑक्सीजन कंसंट्रेटर दान किया है। उन्होंने बताया कि संस्था पिछले 12 वर्षोँ से सामाजिक क्षेत्र में कार्य कर रही है। अस्पताल के संचालक डॉ. वीरेन्द्र पटेल ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सभी को एक साथ आने की जरुरत है। तभी हम इस महामारी पर विजय पाने में सफल होंगे।
84 से 112 दिन के बीच दूसरी खुराक
कोरोना वैक्सीन को लेकर नए निर्देश जारी किए गए हैं। जिन लोगों को कोविशील्ड वैक्सीन लगी है अब वह दूसरी खुराक 84 से 112 दिनों के बीच ही लगवाएं। शासन स्तर से पूर्व में जारी किए गए निर्देशों में बदलाव कर दिया गया है।
जिले में दो दिनों के अंदर एक लेखपाल समेत दस लोगों के मौत की सूचना मिली है। जिस पर संबंधित क्षेत्र के सीएचसी अधीक्षकों को जांच के आदेश दिए गए हैं। लोगों से बार-बार अपील की जाती है कि वह कोरोना गाइड लाइन का पूरी तरह से पालन करें और अपने घर पर रहे सुरक्षित रहें।
-डॉ. बीकेएस चौहान, सीएमओ