बाराबंकी में तेज धूप में कुछ इस तरह सिर पर गमछा डालकर निकले युवक। -संवाद
बाराबंकी। मौसम के मिजाज में तेजी से बदलाव आने लगा है। तेज धूप की वजह से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा रहा है। रविवार को तपिश इतनी ज्यादा रही कि दोपहर होते ही सड़कों पर सन्नाटा छा गया। शाम को गर्मी कम होने के बाद लोग घर से निकले।
रविवार को सुबह से ही सूरज के तेवर तल्ख रहे। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, तपिश और तीखी होती गई। आलम यह रहा कि दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा छा गया और लोग घर में दुबक गए। सड़कों पर वहीं लोग नजर आए जिन्हें बहुत जरूरी काम था।
धूप इतनी कड़क रही कि लोग छांव की तलाश में इधर-उधर भटकते नजर आए। कहीं-कहीं पेड़ों के नीचे बैठे दिखाई दिए। शाम को जब धूप कम हुई तब जाकर लोग घर के बाहर नजर आए।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। अभी तेज हवा और बूंदाबांदी से इन्कार नहीं किया जा सकता है।