सुहाने मौसम में सुखना लेकर पर पर्यटन
- फोटो : amar ujala
पिछले कई दिनों से गर्मी व उमस की मार झेल रहे लोगोें ने बुधवार को कुछ राहत महसूस की। पूरे दिन धूप छांव का खेल चला लेकिन बीच-बीच बह रही हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम सुहावना होने से बाजार व सड़क पर रौनक रही। दोपहर में पार्कों में भी बच्चे खेलते नजर आए।
बुधवार को तापमान अधिकतम 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला रहा। आसमान में बादल छाए रहे तो बह रही हवाओं से पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी व उमस की मार झेल रहे लोगों ने राहत महसूस की। बादल छाने पर उमस बढ़ी तो उस पर ठंडी हवा ने मरहम लगा दिया।
तापमान में गिरावट होने से घरों में दुबके रहने वाले लोग दोपहर में बाहर निकल कामकाज निपटाते नजर आए। मौसम में नरमी से पार्क भी गुलजार रहे। मंगलवार को तापमान अधिकतम 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
इसके सापेक्ष बुधवार को तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज फैजाबाद के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार को भी मौसम का मिजाज बुधवार जैसा रहेगा।