हैदरगढ़ (बाराबंकी)। कोतवाली क्षेत्र के बरवननगर गांव में छत से गिरकर जख्मी किशोर की बहन के तिलक के दिन मौत हो गई। इससे गांव में कोहराम मचा हुआ है।
बरवननगर के सदाशिव मिश्रा उर्फ छंगा खेतीकिसानी करते हैं। इनके दो पुत्र स्कंद (12) व उत्कर्ष (6) के अलावा दो पुत्रियां हैं। बड़ी पुत्री का विवाह 11 मार्च को तय है। 23 फरवरी को कोठी के धरमपुर गांव तिलक लेकर जाना था। 14 फरवरी को इनका बड़ा पुत्र स्कंद मिश्रा पैर फिसलने से छत से नीचे गिर गया था, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। परिजन उसे सीएचसी लेकर गए, जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया था।
लखनऊ के डाॅ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में उसकाइलाज चल रहा था, जहां शुक्रवार को बहन के तिलक के दिन उसकी मौत हो गई। सूचना पहुंचने पर पूरे गांव में मातम पसर गया। मां हेमलता दहाड़े मार कर रोते हुए अपने लाल को पुकारती रही। सदाशिव मिश्रा ने बताया कि पुत्री का विवाह तो करना ही पड़ेगा, लेकिन तिलक लेकर नहीं जा सके। स्कंट कक्षा सात में पढ़ने के साथ हर काम में हाथ बंटाता था।