एक किशोरी और एक महिला ने शुक्रवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। किशोरी का शव उसके गांव के बाहर बाग मेें पेड़ के फंदे से लटकता पाया गया है। वहीं महिला का शव उसके कमरे में फंदे से लटकता मिला है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिवारीजनों का कहना है कि किशोरी मानसिक रूप से परेशान रहती थी इसी के चलते उसने फांसी लगाकर जान दी है। वहीं महिला के घरवालों का कहना कि उसके अपने पति के साथ अक्सर झगड़ा होता था जिसके उसने ये कदम उठाया है। दोनों मामलों में कोई शिकायत नहीं की गई है।
थाना असंद्रा क्षेत्र के लोधपुरवा गांव की रहने वाली भानमती(17) पुत्री जियालाल शुक्रवार की सुबह घर से खेत की ओर जाने के लिए निकली थी। इसके बाद किशोरी का शव गांव के बाहर एक पेड़ में फांसी के फंदे से लटकता पाया गया। उधर से निकल रहे ग्रामीणों ने जब देखा कि किशोरी का शव पेड़ में फंदे से लटक रहा है तो इस बारे में उसके परिवारीजनों व पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ भी एकत्र हो गई। पुलिस ने पहुंचकर शव फंदे से उतरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतका के पिता जियालाल का कहना है कि भानमती कई साल से मानसिक परेशान थी और आए दिन घर के बाहर ही घूमा करती थी। इनका कहना है कि पुत्री ने खुद ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। एएसपी शफीक अहमद ने बताया कि किशोरी मानसिक विक्षिप्त थी जिसके चलते उसने फांसी लगाई है। एएसपी ने कहा इस मामले मेें पुलिस से किसी के खिलाफ कोई शिकायत नहीं की गई है।
दूसरी तरफ देवा कोतवाली क्षेत्र के माती की रहने वाली मुन्नी देवी(50) पत्नी कैलाशनाथ ने शुक्रवार की सुबह अपने घर में ही कमरे के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक जब महिला कमरे से नहीं निकली तो उसके परिवारीजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा जिसके बाद महिला का शव फंदे से लटकता हुआ मिला। इस घटना की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी जिसके बाद पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस मामले में किसी के खिलाफ कोई शिकायत नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि महिला व उसके पति को घरेलू बातों को लेकर आए दिन विवाद होता रहता था इसी के चलते महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी है। कोतवाल बीपी यादव का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।