जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में जहां एक बुजुर्ग की मौत हो गई वहीं विधायक हैदरगढ़ का गनर गंभीर रूप से घायल हो गया। सफदरगंज थाना क्षेत्र के दादरा गांव के पास शुक्रवार की शाम साइकिल से जा रहे क्षेत्र के कुडंवा गांव निवासी रामबकश गौतम (60) को वाहन ने टक्कर मार दी। इससे बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं विधायक राममगन रावत के सरकारी गनर नीतुल दीक्षित (27) निवासी ग्राम बेहटा गोपी थाना वीकापुर उन्नाव, शुक्रवार की रात बाइक से हैदरगढ़ जा रहे थे। लोनीकटरा थाना क्षेत्र में भिलवल गांव के पास लखनऊ-सुल्तानपुर मार्ग पर एक वाहन ने पुलिस कर्मी की बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए गनर को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया जहां से उनके परिवारीजन उन्हें किसी निजी अस्पताल में लेकर चले गए हैं। विधायक राममगन रावत ने बताया कि घायल सुरक्षाकर्मी का बेहतर इलाज करवाया जा रहा है।