सतरिख। गनेशी पुरवा मजरे वादी नगर सहेलिया गांव में बृहस्पतिवार दोपहर खेत की जोताई के दौरान ट्रैक्टर और रोटावेटर की चपेट में आकर किसान कमलेश के 13 साल के पुत्र आकर्षित की मौत हो गई। अपने सामने बेटे की मौत देख किसान बदहवास हो गए।
ग्रामीणों के अनुसार कमलेश अपने खेत में बोआई के लिए ट्रैक्टर से रोटावेटर लगाकर जोताई कर रहे थे। उनका बड़ा पुत्र आकर्षित भी ट्रैक्टर पर बैठा था। जोताई करते समय झटका लगने से आकर्षित ट्रैक्टर से नीचे गिरकर ट्रैक्टर और रोटावेटर के बीच आ गया। रोटावेटर की चपेट में आने से उसके शरीर के कई टुकड़े हो गए और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
कमलेश की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कुछ देर में पुलिस पहुंच गई। हालांकि, परिजनों ने पोस्टमार्टम से इन्कार कर दिया। एसएचओ सतरिख डीके सिंह ने बताया कि परिजनों ने कोई कानूनी कार्रवाई कराने से इन्कार कर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। कमलेश के दो बेटों में आकर्षित सबसे बड़ा था।